भीलवाड़ा, 09 अप्रैल।
वैश्विक आह्वान के तहत भीलवाड़ा गुरुवार को आध्यात्मिक भक्ति और उल्लास का केन्द्र बन गया, जब मेडिसिटी ग्राउंड पर “विश्व नवकार महामंत्र दिवस” के अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने एकसाथ नवकार महामंत्र का जाप किया। जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन के तहत आयोजित इस भव्य आयोजन ने पूरे शहर को धर्म, साधना और आस्था की ऊर्जा से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने कहा कि नवकार महामंत्र किसी व्यक्तिगत स्तुति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति में आत्मशुद्धि, साधना और आस्था का सार्वभौमिक प्रतीक है। उन्होंने इसे लोगों को मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाने वाला और उच्च जीवन मूल्यों की ओर प्रेरित करने वाला महामंत्र बताया। राज्यपाल ने यह भी कहा कि यह मंत्र अहिंसा, अपरिग्रह और अनेकांतवाद जैसे सिद्धांतों पर आधारित है, जो आज के वैश्विक संदर्भ में अत्यंत प्रासंगिक हैं।
राज्यपाल ने जैन धर्म की गौरवशाली परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि तीर्थंकरों ने जीवन में क्रोध, मोह और द्वेष जैसे आंतरिक शत्रुओं पर विजय प्राप्त कर मोक्ष का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने सभी से इन विकारों को त्यागकर आत्मोन्नति के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
समारोह में सहकारिता राज्य मंत्री गौतम दक ने कहा कि विश्व में चल रहे संघर्ष और युद्ध मानवता के लिए गंभीर चुनौती हैं, ऐसे में भगवान महावीर का “जियो और जीने दो” संदेश ही विश्व शांति की नींव बन सकता है। उन्होंने अपरिग्रह के सिद्धांत अपनाने पर बल देते हुए कहा कि हमें दिखावे से दूर रहकर जरूरतमंदों की मदद करनी चाहिए और समाज के अंतिम व्यक्ति तक खुशहाली पहुँचाने का संकल्प लेना चाहिए।
सांसद दामोदर अग्रवाल ने भारतीय संस्कृति के मूल्यों को रेखांकित करते हुए कहा कि हमारी परंपराएं अहिंसा, सद्भाव और विश्व कल्याण के संदेश से समृद्ध हैं। उन्होंने कहा कि “धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो, विश्व का कल्याण हो” जैसे संदेश मानवता को सही दिशा प्रदान करते हैं।
भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी ने जैन दर्शन के अनुमोदना सिद्धांत की व्याख्या करते हुए कहा कि जिन आदर्शों के प्रति श्रद्धा होती है, उनका अनुसरण स्वतः ही जीवन में उतर जाता है। उन्होंने नवकार महामंत्र के नियमित जाप को मन और हृदय की शुद्धि का साधन बताया और कहा कि यह मोक्ष की ओर ले जाता है।
कार्यक्रम का सबसे भावपूर्ण पल वह था जब हजारों श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से नवकार महामंत्र का जाप किया। पूरे मेडिसिटी ग्राउंड में मंत्रोच्चार की गूंज से वातावरण दिव्यता से भर गया। श्रद्धालुओं ने विश्व शांति, मानव कल्याण और समृद्धि की कामना करते हुए इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाया।
इस अवसर पर माण्डलगढ़ विधायक गोपाल लाल, सहाड़ा विधायक लादुलाल पितलिया, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, जीतो के महावीर चैधरी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। जिला प्रशासन के अधिकारी, विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारी और जैन समाज के वरिष्ठजन भी मौजूद थे।
राज्यपाल के आगमन पर जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू और पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने उनका स्वागत किया।


.jpg)


.jpg)


.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)
