भोपाल, 18 अप्रैल।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित छोटे तालाब में शुक्रवार को एक 15 वर्षीय बालक की पानी में डूबने से जान चली गई। वह अपने दोस्तों के साथ नहाने के लिए पहुंचा था। करीब 22 घंटे बाद शनिवार सुबह उसका शव बरामद किया गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान इतवारा निवासी स्वर्गीय विनोद सोनी के पुत्र धीरज सोनी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह शुक्रवार सुबह लगभग 11 बजे काली घाट मंदिर के पास स्थित छोटे तालाब में अपने साथियों के साथ स्नान करने गया था, जहां अचानक वह गहरे पानी में चला गया और लापता हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर उसके दोस्तों ने घर जाकर परिजनों को सूचना दी। परिजनों की सूचना के बाद तलैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नगर निगम के गोताखोरों की मदद से खोज अभियान शुरू किया गया। शाम होने पर अंधेरा बढ़ने के कारण सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा।
शनिवार सुबह फिर से तलाशी अभियान शुरू किया गया, जिसके बाद करीब 11 बजे किशोर का शव पानी से बाहर निकाला गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।



.jpg)



.jpg)
