30 मार्च 2026, भोपालराजधानी के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अभी भी गिरफ्त से बाहर है। तीनों आरोपियों पर कुल 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार, 30 मार्च की रात प्रगति नगर में विजय मेवाड़ा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना उस समय हुई जब विजय अपने साथी को घर छोड़ने जा रहे थे। रास्ते में आरोपियों ने उन्हें रोककर विवाद किया और अचानक हमला कर दिया। हमले के दौरान मुख्य आरोपी ने पेट और कमर पर चाकू से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल को पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया, बाद में हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले में पुलिस ने फरमान उर्फ आरिस और इमरान उर्फ ब्रावो को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से वारदात में इस्तेमाल तलवार, चाकू और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। मुख्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि सभी आरोपी पहले से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहे हैं और उनके खिलाफ कई गंभीर प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस आयुक्त संजय कुमार के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने दावा किया है कि फरार आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।











