भोपाल, 20 अप्रैल
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सोमवार को नारी सशक्तिकरण को लेकर एक विशाल आयोजन होने जा रहा है। एमवीएम मैदान में सुबह 10 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी रहने की संभावना है, जिसमें करीब 15 से 20 हजार महिलाओं के शामिल होने का अनुमान जताया गया है।
इस आयोजन के साथ ही भारतीय जनता पार्टी की ओर से “नारी शक्ति” के समर्थन में एक भव्य महिला पदयात्रा भी निकाली जाएगी। यह पदयात्रा एमवीएम कॉलेज ग्राउंड (पुरानी विधानसभा) से प्रारंभ होकर रोशनपुरा चौराहे तक जाएगी, जिसमें महिलाएं सम्मान, अधिकार और आत्मसम्मान के मुद्दों को लेकर अपनी एकजुटता का प्रदर्शन करेंगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित कई वरिष्ठ नेता और महिला मंत्री भी मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम के चलते शहर में भारी भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए प्रशासन ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। सम्मेलन में भाग लेने के लिए लगभग 350 बसें और 2500 से अधिक चार पहिया वाहन शहर में प्रवेश करेंगे। इन वाहनों की पार्किंग के लिए लाल परेड ग्राउंड को मुख्य स्थल के रूप में तय किया गया है, जहां से प्रतिभागियों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
यातायात पुलिस ने प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू किया है। रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले वाहन बोर्ड ऑफिस, डीबी मॉल और सुभाष ओवरब्रिज मार्ग से होकर गुजरेंगे। वहीं जवाहर चौक से आवागमन करने वाले लोगों को लिंक रोड नंबर-2 का उपयोग करना होगा। पुराने शहर से आने-जाने के लिए भारत टॉकीज, पुल बोगदा, जिंसी और कोर्ट चौराहा मार्ग को बेहतर विकल्प बताया गया है।
वीआईपी रोड से नए शहर की ओर जाने वाले वाहनों के लिए स्मार्ट रोड, भारत माता चौराहा और लिंक रोड-2 का मार्ग निर्धारित किया गया है। इसके अलावा शहर की लोकल बसों को विभिन्न प्रमुख चौराहों से होते हुए लाल परेड ग्राउंड तक पहुंचाया जाएगा। सुबह 10 बजे से कंट्रोल रूम तिराहा, गांधी पार्क, रोशनपुरा चौराहा और आसपास के क्षेत्रों में यातायात दबाव अधिक रहने की संभावना है।
पार्किंग व्यवस्था के तहत सीहोर से आने वाले वाहनों को रवींद्र भवन परिसर में खड़ा किया जाएगा, जबकि राजगढ़ जिले के वाहनों के लिए एमएलए रेस्ट हाउस निर्धारित किया गया है। भोपाल सहित अन्य जिलों के वाहनों के लिए लाल परेड ग्राउंड तय किया गया है। मीडिया वाहनों के लिए पुलिस कमिश्नर कार्यालय में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी, वहीं कारों के लिए अलग से विशेष पार्किंग स्थल भी बनाए गए हैं।








