भोपाल, 25 मई ।
राजधानी भोपाल के क्रिस्टल आइडल सिटी फेस-1 में अमृत योजना के तहत प्रस्तावित सीवेज लाइन परियोजना का स्थानीय रहवासियों ने सोमवार को जोरदार विरोध किया।
कॉलोनी के मुख्य प्रवेश द्वार के पास बड़ी संख्या में लोगों ने धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी जाहिर की।
रहवासियों का कहना है कि कॉलोनी के भीतर सीवेज लाइन बिछाने से सड़कें क्षतिग्रस्त हो सकती हैं और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
लोगों ने आरोप लगाया कि परियोजना को लागू करने से पहले न तो पर्याप्त जानकारी दी गई और न ही स्थानीय निवासियों की सहमति ली गई।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि इस योजना पर पुनर्विचार किया जाए और जब तक कॉलोनीवासियों की सहमति न हो, तब तक कोई कार्य शुरू न किया जाए।
रहवासियों ने यह भी कहा कि वे विकास कार्यों के विरोध में नहीं हैं, लेकिन ऐसी किसी भी योजना को स्वीकार नहीं करेंगे जिससे कॉलोनी की संरचना और सुविधाएं प्रभावित हों।
धरना स्थल पर मौजूद लोगों ने जनप्रतिनिधियों पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी समस्याओं और सुझावों को नजरअंदाज किया जा रहा है।
इस प्रदर्शन में श्रमिक कांग्रेस नेता सहित अन्य राजनीतिक प्रतिनिधि भी शामिल हुए, जिन्होंने रहवासियों की मांगों का समर्थन किया।
नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।






.jpg)


.jpg)





