डेहरी आन सोन, 03 नवंबर।
रोहतास जिले में एटीएम काटकर नकदी चोरी करने के मामलों में पुलिस ने हरियाणा से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बोलेरो भी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपितों ने रोहतास के अलावा बक्सर जिले में हुई एटीएम चोरी की घटना में भी शामिल होने की बात स्वीकार की है।
पुलिस अधीक्षक राज ने बताया कि सासाराम थाना क्षेत्र में चार अक्टूबर को आईडीबीआई बैंक और कोचस में 13 जून को एक्सिस बैंक का एटीएम काटकर चोरी की गई थी। इन घटनाओं की जांच के लिए विशेष टीम बनाई गई थी, जो पिछले 15 दिनों से बिहार के बाहर कार्रवाई कर रही थी।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हरियाणा के नूंह मेवात निवासी मुकीम और मुनफैद के रूप में हुई है। पुलिस ने मुनफैद की सफेद बोलेरो जब्त की है। जांच में सामने आया कि मुकीम गिरोह में चोरी की रकम का बंटवारा करता था। उसका पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में एटीएम काटकर चोरी के मामले में वह जेल जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपितों ने 13 जून को बक्सर मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एटीएम काटकर नकदी चोरी करने की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।















