शिमला, 04 नवंबर।
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जुब्बल थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस की टीम ने 3 नवंबर को नेहनार-जुब्बल मार्ग पर गश्त व जांच के दौरान पंजाब के लुधियाना निवासी 18 वर्षीय गोविंद नामक युवक को रंगे हाथों धर दबोचा। आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 33 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी गोविंद (पिता बालक राम) को बुधवार को अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा। फिलहाल पुलिस हिरासत में लेकर उससे कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि इस अवैध खेप के मुख्य सप्लायर और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। शिमला पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए क्षेत्र में सख्त चेकिंग अभियान जारी रहेगा।















