सिलीगुड़ी, 04 नवंबर।
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सिलीगुड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत खालपाड़ा आउटपोस्ट पुलिस ने मंगलवार रात एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की टीम ने सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 5 स्थित रामघाट नया बस्ती इलाके में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्थानीय निवासी मोहम्मद कादिर नामक एक युवक को रंगे हाथों धर दबोचा। आरोपी की गहन तलाशी लेने पर उसके कब्जे से लगभग 286 ग्राम प्रतिबंधित ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस प्रशासन आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रहा है ताकि शहर में सक्रिय मादक पदार्थों के पूरे सिंडिकेट और इसमें शामिल अन्य तस्करों की जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस सूत्रों के अनुसार, नशे के इस काले कारोबार की मुख्य जड़ों तक पहुंचने के लिए जांच की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। सभी आवश्यक कागजी और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी मोहम्मद कादिर को बुधवार को सिलीगुड़ी अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।














