गुवाहाटी, 04 नवंबर।
गुवाहाटी के होटल विलास इन में पांच लोगों की हत्या के मामले में गिरफ्तार घनकांत गोगोई मंगलवार तड़के पुलिस कार्रवाई में मारा गया। पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 3:10 बजे उसने पुलिसकर्मी की पिस्तौल छीनकर हिरासत से भागने का प्रयास किया था।
घनकांत की सात दिन की पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद मंगलवार को उसे कामरूप महानगर जिले के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में पेश किया गया था। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया। इसके बाद शिवसागर पुलिस उसे गुवाहाटी केंद्रीय कारागार से लेकर शिवसागर के लिए रवाना हुई।
पुलिस के मुताबिक, रास्ते में फूलपानी सिगार रंगमन ढाबे के पास घनकांत ने पुलिस दल पर हमला किया और एक जवान की पिस्तौल छीनकर भागने की कोशिश की। इस दौरान शिवसागर शहर के उपनिरीक्षक देवाशीष शर्मा घायल हो गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घनकांत मौके पर ही मारा गया।
होटल विलास इन में 26 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9 बजे गोलीबारी हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने उसी रात लगभग 10 बजे घनकांत को गिरफ्तार कर लिया था। गोलीबारी में भूदेव भराली (65), हेलेना भराली (58), देवर्षि कश्यप (39), रिनिकी कश्यप (30) और नारायण दास (48) की जान गई थी।
मृतकों में भूदेव भराली और नारायण दास बरपेटा के निवासी थे। हेलेना भराली, देवर्षि कश्यप और रिनिकी कश्यप गुवाहाटी के नवीन नगर में रह रहे थे, हालांकि उनका मूल निवास भी बरपेटा था। गोलीबारी में घायल सत्येंद्र पाठक (43) बरपेटा के रहने वाले हैं। उनका गुवाहाटी चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में उपचार जारी है।















