नई दिल्ली, 04 नवंबर।
प्रवर्तन निदेशालय ने भारत लजना मल्टी स्टेट को-ऑपरेटिव सोसाइटी से जुड़े मामले में केरल और चेन्नई के 11 ठिकानों पर तलाशी अभियान शुरू किया है। जांच आर. प्रेमकुमार और उनसे जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ की जा रही है। प्रेमकुमार सोसाइटी के संस्थापक सदस्य और वास्तविक अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक रहे हैं।
जांच एजेंसी का आरोप है कि प्रेमकुमार ने अपने पद और प्रभाव का इस्तेमाल कर जमाकर्ताओं की ओर से सोसाइटी में जमा कराई गई करोड़ों रुपये की रकम पत्नी और रिश्तेदारों के बैंक खातों में स्थानांतरित कराई। एजेंसी के अनुसार, इस धन का उपयोग निजी जरूरतों के लिए किया गया।
ईडी की जांच में यह भी सामने आया है कि प्रेमकुमार ने सोसाइटी का रागम थिएटर ब्रियोस फिनवेस्ट के पास गिरवी रखा था। आरोप है कि इसके बदले प्राप्त धन सोसाइटी के खाते तक नहीं पहुंचा।
इसके अलावा, प्रेमकुमार पर कांचीपुरम में लगभग 500 एकड़ जमीन पत्नी के नाम पर खरीदने का आरोप है। ईडी इन मामलों से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।















