रायसेन, 24 अप्रैल
रायसेन जिले में एक बार फिर शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां एक 70 वर्षीय बुजुर्ग को उसके बेटे के प्रेम विवाह की रंजिश में दबंगों ने निशाना बनाया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें आरोपियों द्वारा बुजुर्ग के साथ मारपीट करने और उन्हें अमानवीय तरीके से प्रताड़ित करने की पूरी तस्वीर दिखाई दे रही है।
घटना जिले के ग्राम अगरिया मारखो की बताई जा रही है, जहां पीड़ित बुजुर्ग बिहारी बंजारे के बेटे ने विदिशा जिले के शमशाबाद की युवती से प्रेम विवाह किया था। इसी बात से नाराज होकर लड़की के परिजन पीड़ित के घर पहुंचे और बुजुर्ग तथा उनकी पत्नी के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया। इसके बाद आरोपियों ने बुजुर्ग को घर से अगवा कर लिया और उन्हें राजगढ़ जिले के ब्यावरा ले जाया गया।
ब्यावरा पहुंचने के बाद आरोपियों ने बुजुर्ग के साथ बुरी तरह मारपीट की और अमानवीयता की सारी हदें पार करते हुए उन्हें बोतल में भरी पेशाब पिलाई। इसके बाद घायल अवस्था में बुजुर्ग को घर के बाहर फेंककर आरोपी मौके से फरार हो गए।
किसी तरह घायल हालत में पीड़ित बुजुर्ग पुलिस चौकी सेण्डोरा पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यदि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो वे आत्महत्या करने को मजबूर होंगे। इस दौरान उनकी पत्नी और बहू ने भी न्याय की गुहार लगाई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और राजगढ़ पुलिस से संपर्क किया। कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आगे की जांच के लिए पीड़ित परिवार को राजगढ़ पुलिस के साथ भेजा गया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










