अलीराजपुर, 20 अप्रैल
अलीराजपुर जिले में आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था से जुड़ा बड़ा वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है, जिसमें लगभग 3.99 करोड़ रुपये के गबन के आरोप लगाए गए हैं। इस प्रकरण में रविवार देर रात तीन अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।
कट्ठीवाड़ा थाना पुलिस ने यह कार्रवाई जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित झाबुआ की कट्ठीवाड़ा शाखा के प्रबंधक की लिखित शिकायत के आधार पर की है। शिकायत में बताया गया कि चार्टर्ड अकाउंटेंट की जांच में यह तथ्य उजागर हुआ कि तत्कालीन शाखा प्रबंधक, समिति प्रबंधक और शाखा पर्यवेक्षक सहित संबंधित अधिकारियों ने अपने पद का दुरुपयोग किया।
आरोप है कि फर्जी आईडी के माध्यम से बैंक के सीबीएस सिस्टम में गलत प्रविष्टियां की गईं और किसानों की ऋण सीमा से अधिक राशि का वितरण दर्शाया गया। साथ ही, किसानों द्वारा जमा की गई ऋण राशि उनके खातों में दर्ज नहीं की गई, जिससे बड़ी वित्तीय गड़बड़ी सामने आई।
पुलिस ने जांच रिपोर्ट और शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के विरुद्ध धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है और एक उप निरीक्षक को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासनिक निर्देशों के बाद यह कार्रवाई आगे बढ़ाई गई है।







.jpg)

