नई दिल्ली, 13 मई।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने बुधवार को कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया, जिसमें कुल 85.20 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे हैं। यह परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में 3.19 प्रतिशत कम दर्ज किया गया है, जबकि इस बार भी लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी है।
बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष 17,80,365 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 17,68,818 छात्र परीक्षा में शामिल हुए और इनमें से 15,07,109 विद्यार्थी सफल घोषित किए गए। इस बार कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 85.20 रहा, जो पिछले वर्ष के 88.39 प्रतिशत से घटकर दर्ज हुआ है।
लड़कियों का प्रदर्शन एक बार फिर बेहतर रहा, जिनका पास प्रतिशत 88.86 रहा, जबकि लड़कों का परिणाम 82.13 प्रतिशत दर्ज किया गया। इस तरह लड़कियों ने लड़कों से 6.73 प्रतिशत अधिक सफलता हासिल की।
क्षेत्रीय परिणामों में त्रिवेंद्रम क्षेत्र ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया, जहां 95.62 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे। इसके बाद चेन्नई, बेंगलुरु और विजयवाड़ा क्षेत्रों का स्थान रहा। दिल्ली पश्चिम क्षेत्र में 92.34 प्रतिशत और दिल्ली पूर्व में 91.73 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे, जबकि दिल्ली का कुल परिणाम 91.97 प्रतिशत दर्ज किया गया। प्रयागराज क्षेत्र का परिणाम सबसे कम 72.43 प्रतिशत रहा।
विदेशी सीबीएसई स्कूलों का परिणाम 90.50 प्रतिशत रहा, जबकि दिव्यांग श्रेणी के विद्यार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 90.16 दर्ज किया गया।
बोर्ड के अनुसार 1,63,800 विद्यार्थी कंपार्टमेंट श्रेणी में आए हैं, जो कुल परीक्षार्थियों का 9.26 प्रतिशत है। वहीं 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक पाने वाले विद्यार्थियों की संख्या 94,028 रही, जबकि 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 17,113 विद्यार्थी रहे।
स्कूलवार परिणाम में केंद्रीय विद्यालयों का प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ रहा, जहां 98.55 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए। जवाहर नवोदय विद्यालयों का परिणाम 98.47 प्रतिशत रहा, जबकि सरकारी स्कूलों का 89.55 प्रतिशत, सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों का 86.07 प्रतिशत, ईएमआरएस स्कूलों का 85.55 प्रतिशत और स्वतंत्र विद्यालयों का परिणाम 84.22 प्रतिशत रहा।
सीबीएसई ने बताया कि छात्रों की डिजिटल मार्कशीट, माइग्रेशन सर्टिफिकेट और अन्य दस्तावेज डिजिलॉकर पर उपलब्ध कराए गए हैं, और विद्यार्थी आधिकारिक वेबसाइट के साथ डिजिलॉकर से भी परिणाम देख सकते हैं।
कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से 9 अप्रैल तक आयोजित की गई थीं।










.jpg)


.jpg)