मंडी, 16 मई।
मंडी जिले की चौहार घाटी में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हजारों अफीम के पौधे नष्ट किए हैं। थाना पधर क्षेत्र में चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, अवैध मादक पदार्थों की खेती के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत चौहार घाटी में लगातार निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान डगवाणधार क्षेत्र में पांच अलग-अलग खेतों में अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने का मामला सामने आया।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने कुल 16 हजार 58 अफीम के पौधे बरामद किए, जिन्हें नियमानुसार उखाड़कर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने बताया कि खेतों के मालिकों और आरोपियों की पहचान के लिए राजस्व विभाग से जानकारी मांगी गई है। साथ ही जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे मामलों में समय पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।










