राजा रघुवंशी हत्याकांड में पुलिस की क्लेरिकल त्रुटियों से जांच प्रभावित हुई, गलत धाराओं और अधूरी प्रक्रिया के कारण आरोपियों को जमानत मिली, जिससे न्याय व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल उठे है।
30 अप्रैल।
देश को झकझोर देने वाले राजा रघुवंशी हत्याकांड में न्याय की दिशा जिस तरह से पटरी से उतरी है, वह केवल एक केस की विफलता नहीं बल्कि हमारी आपराधिक न्याय व्यवस्था पर गहरा प्रश्नचिह्न है। यह मामला, जिसे कभी “हनीमून मर्डर केस” कहकर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा मिली, अब पुलिस की घोर लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना रवैये का प्रतीक बन चुका है। सवाल यह है कि क्या एक ‘टाइपिंग एरर’ हत्या जैसे गंभीर अपराध को हल्का बना सकता है और क्या ऐसी भूलें सच में भूल हैं या व्यवस्था की गहरी सड़ांध का संकेत।
शिलांग पुलिस की जांच में जो खामियां सामने आई हैं, वे केवल तकनीकी त्रुटियां नहीं हैं, बल्कि न्याय की प्रक्रिया के साथ खिलवाड़ हैं। हत्या के आरोप में गिरफ्तार आरोपियों के दस्तावेजों में धारा 103(1) (हत्या) की जगह धारा 403(1) (संपत्ति का बेईमानी से दुरुपयोग) दर्ज कर दी गई, और यह गलती एक दस्तावेज में नहीं बल्कि हर दस्तावेज में दोहराई गई। गिरफ्तारी मेमो, केस डायरी, निरीक्षण मेमो—हर जगह वही “टाइपिंग एरर”। क्या यह महज संयोग है या फिर यह जांच की गंभीरता पर ही सवाल खड़े करता है।
पुलिस ने इसे क्लेरिकल एरर बताकर अपना पल्ला झाड़ने की कोशिश की, लेकिन अदालत ने इस तर्क को सिरे से खारिज कर दिया। अदालत ने साफ कहा कि ऐसी गलती हर दस्तावेज में एक जैसी नहीं हो सकती। यह न केवल लापरवाही है, बल्कि गिरफ्तारी की वैधता को ही संदिग्ध बनाती है। इससे भी अधिक चिंताजनक तथ्य यह है कि आरोपी को यह स्पष्ट रूप से बताया ही नहीं गया कि उसे हत्या जैसे गंभीर अपराध में गिरफ्तार किया गया है। यह सीधे-सीधे संविधान के अनुच्छेद 22(1) का उल्लंघन है, जो हर गिरफ्तार व्यक्ति को गिरफ्तारी के कारणों की स्पष्ट जानकारी देने का अधिकार देता है।
यही नहीं, “इंटीमेशन ऑफ ग्राउंड्स ऑफ अरेस्ट” फॉर्म में जरूरी जानकारी तक अधूरी छोड़ी गई। चेक बॉक्स खाली थे, अपराध के तथ्य अस्पष्ट थे। क्या यह वही पुलिस है जिससे हम निष्पक्ष और सटीक जांच की उम्मीद करते हैं। अदालत ने जब इन सभी खामियों को देखा तो जमानत देना लगभग अपरिहार्य हो गया। नतीजा—मुख्य आरोपी सोनम समेत अन्य सह-आरोपी जमानत पर बाहर हैं।
यहां सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि इस लापरवाही का खामियाजा कौन भुगतेगा। एक ओर मृतक के परिवार का दर्द है, जो न्याय की आस में दर-दर भटक रहा है; दूसरी ओर आरोपी, जिन्हें कानून की खामियों और पुलिस की गलतियों का सीधा लाभ मिल गया। क्या यह न्याय है या फिर यह उस व्यवस्था की विफलता है, जो अपराधियों को सजा देने के बजाय उन्हें राहत देने का माध्यम बनती जा रही है।
मृतक राजा रघुवंशी के भाई की नाराजगी और हाई कोर्ट जाने की बात इस बात का संकेत है कि परिवार का भरोसा निचली अदालत की प्रक्रिया से उठ चुका है। लेकिन सवाल यह भी है कि जब जांच की नींव ही कमजोर हो तो ऊपरी अदालतों में भी क्या न्याय की उम्मीद मजबूत रह पाती है। गलत धाराओं पर आधारित चार्जशीट, अधूरी गिरफ्तारी प्रक्रिया—ये सब ऐसे छेद हैं, जिनसे पूरा केस ही रिसने लगता है।
यह मामला केवल एक पुलिस थाने या एक शहर की लापरवाही नहीं है। यह उस व्यापक समस्या का आईना है, जहां जांच एजेंसियां गंभीर अपराधों को भी कागजी औपचारिकताओं तक सीमित कर देती हैं। प्रशिक्षण की कमी, जवाबदेही का अभाव और “चलता है” वाली मानसिकता मिलकर न्याय की पूरी प्रक्रिया को खोखला कर रही हैं।
जरूरत है कि इस मामले को एक उदाहरण के रूप में लिया जाए, न कि उसे दबा दिया जाए। संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय हो, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और सबसे महत्वपूर्ण, जांच प्रक्रिया में सुधार लाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। वरना हर अगला गंभीर मामला भी इसी तरह “टाइपिंग एरर” की भेंट चढ़ता रहेगा।
यह सवाल हम सबके सामने है—क्या हम ऐसी व्यवस्था के साथ जीना चाहते हैं, जहां हत्या जैसे जघन्य अपराध भी कागजी गलतियों में उलझकर कमजोर पड़ जाएं। अगर नहीं, तो अब समय है कि जवाबदेही तय हो और न्याय केवल कागजों में नहीं, जमीन पर भी दिखाई दे। इस तरह की लापरवाही पर यह निर्णय सरकार को करना होगा कि क्या यह लापरवाही अपराधियों को बचाने के साथ-साथ हत्या हुए परिवार के साथ अन्याय है।