नोएडा, 02 अप्रैल 2026।
उत्तर प्रदेश के नोएडा में थाना सेक्टर-126 क्षेत्र में एक युवक ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि डेटिंग एप के जरिए बनी दोस्ती के बहाने उसे मिलने बुलाया गया, जहां आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और मोबाइल फोन छीन लिए।
पीड़ित अनुज कपूर, जो सेक्टर-92 में सिलाई का काम करते हैं, ने बताया कि उनकी दोस्ती कुछ दिनों पहले ग्राइंडर डेटिंग एप के जरिए राहुल नामक व्यक्ति से हुई थी। राहुल ने कपड़े सिलवाने के बहाने उन्हें मिलने के लिए बुलाया और लोकेशन भेजने को कहा। लोकेशन पर पहुंचने पर आरोपी उन्हें एक पीजी में ले गए।
कुछ समय बाद राहुल के तीन अन्य साथी वहां पहुंच गए और चारों ने मिलकर पहले अनुज कपूर के साथ मारपीट की। इसके बाद उन्होंने जबरन पीड़ित और उनके परिवार के पहचान पत्रों की फोटो अपने मोबाइल में खींच ली। आरोपियों ने धमकी दी कि अगर कोई बात बाहर करेगा तो तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दी जाएंगी। इसके अलावा, उन्होंने पीड़ित से उसकी सोने की चेन, एक डायमंड अंगूठी और लगभग 15 हजार रुपये छीन लिए।
एसीपी प्रवीण सिंह ने बताया कि इस मामले में थाना सेक्टर-126 पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। एसीपी ने लोगों से आगाह किया कि किसी भी अनजान व्यक्ति से मिलने से पहले पूरी सावधानी बरतें और अपनी निजी जानकारी साझा न करें।











