पंतनगर, 21 मार्च 2026।
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचे और पंतनगर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
राज्य सरकार के चार वर्ष पूरे होने के मौके पर हल्द्वानी में आयोजित विशेष कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री भी शामिल हो रहे हैं। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया जाएगा।
सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर लोग आने लगे और समय के साथ भीड़ में तेजी से इजाफा हुआ। दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे। प्रशासन की ओर से उपस्थित जनसमूह के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने रक्षा मंत्री के स्वागत में कहा कि उत्तराखंड, ऋषि-मुनियों की तपोस्थली, आध्यात्मिक चेतना से ओत-प्रोत है और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जी का पंतनगर आगमन हमारे लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि राजनाथ सिंह जी भारतीय सशस्त्र सेनाओं को आधुनिक सुदृढ़ता प्रदान करने वाले हैं और उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।











