नई दिल्ली, 24 मार्च।
कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने मंगलवार को दिल्ली विधानसभा में पेश वित्त वर्ष 2026-27 के बजट का स्वागत करते हुए इसे प्रगतिशील एवं दूरदर्शी बताया। कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि आधुनिक फल, सब्जी एवं फूल मंडी का प्रस्ताव आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करेगा, बर्बादी कम करेगा और सभी हितधारकों को बेहतर मूल्य दिलाएगा।
खंडेलवाल ने बताया कि बजट ग्रीन मोबिलिटी और स्वच्छ तकनीकों को बढ़ावा देगा, आईआईटी के सहयोग से उत्कृष्टता केंद्र नवाचार, अनुसंधान और कौशल विकास को मजबूत करेगा, जबकि महिला हाट आउटलेट्स से महिलाओं का उद्यम सशक्त होगा।
उन्होंने कहा कि 50 हजार नए कैमरों की स्थापना से सुरक्षा बेहतर होगी, गिग वर्कर्स, ट्रांसजेंडर और ऑटो-टैक्सी चालकों के लिए बोर्ड्स बनाए जाएंगे और एमएसएमई के लिए कॉमन फैसिलिटी सेंटर स्थापित किया जाएगा। प्रस्तावित वेयरहाउसिंग नीति लॉजिस्टिक्स ढांचे को आधुनिक बनाएगी, रैंप योजना से एमएसएमई प्रशिक्षण और डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा।
खंडेलवाल ने कहा कि सेमीकंडक्टर और ड्रोन पॉलिसी निवेश आकर्षित करेंगे, उच्च गुणवत्ता वाले रोजगार सृजित होंगे और कार्बन क्रेडिट मोनेटाइजेशन योजना आर्थिक विकास को पर्यावरणीय स्थिरता से जोड़ेगी। उन्होंने कहा कि बजट इन्फ्रास्ट्रक्चर, तकनीकी प्रगति और सामाजिक समावेशन का संतुलित समन्वय प्रस्तुत करता है और दिल्ली की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाएगा।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विधानसभा में लगभग 1,03,700 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। इसमें नवजात शिशुओं के लिए मुफ्त स्वास्थ्य जांच, 1.3 लाख छात्राओं को मुफ्त साइकिल और मेधावी छात्रों के लिए लैपटॉप जैसी कल्याणकारी योजनाएं शामिल हैं।












