काठमांडू, 13 अप्रैल 2026।
नेपाल के सर्लाही जिले में भारतीय नंबर प्लेट वाले वाहनों के संचालन पर लगाए गए प्रतिबंध को हटाने की मांग तेज हो गई है और इस निर्णय के खिलाफ जिले के सभी राजनीतिक दलों ने एकजुट होकर कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
सोमवार को आयोजित सर्वदलीय बैठक में नेपाल सरकार के इस फैसले पर गंभीर आपत्ति जताते हुए तत्काल पुनर्विचार की मांग की गई।
बैठक में यह भी कहा गया कि सर्लाही के स्थानीय लोग लंबे समय से 30 किलोमीटर के दायरे में भारतीय वाहनों से आवागमन करते रहे हैं, ऐसे में इस रोक को हटाना आवश्यक है।
प्रतिबंध हटाने को लेकर हुई इस बैठक में यह भी चिंता व्यक्त की गई कि नेपाल और भारत के बीच सदियों पुराने ‘बेटी-रोटी’ संबंध पर इस निर्णय का नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों के दैनिक जीवन के साथ-साथ सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियां भी प्रभावित होंगी।
सर्वदलीय बैठक में आरोप लगाया गया कि जिला प्रशासन कार्यालय सर्लाही ने शांति और सुरक्षा के नाम पर योजनाबद्ध तरीके से इस सुविधा को समाप्त करने का प्रयास किया है और बिना कस्टम शुल्क के वाहनों के संचालन पर रोक लगाने की नीति से भी असंतोष व्यक्त किया गया।
बैठक में जिला प्रशासन कार्यालय से भारतीय नंबर प्लेट वाले वाहनों को पूर्व की तरह संचालन की अनुमति देने की मांग की गई और चेतावनी दी गई कि यदि इस मांग को स्वीकार नहीं किया गया तो चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।




.jpg)
_(1).jpg)

.jpg)





