नई दिल्ली, 13 अप्रैल 2026।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का आज से दो राज्यों का आधिकारिक दौरा प्रारंभ हो रहा है, जिसके तहत वह गुजरात और महाराष्ट्र में विभिन्न दीक्षांत समारोहों एवं कार्यक्रमों में भाग लेंगी। यह दौरा आज और कल गुजरात में तथा 15 और 16 अप्रैल को महाराष्ट्र में निर्धारित है।
गुजरात प्रवास के दौरान राष्ट्रपति मुर्मु आज राजकोट में स्थित एम्स के प्रथम दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इसके बाद 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर गांधीनगर स्थित लोक भवन में आयोजित ‘सामाजिक समरसता महोत्सव’ में उनकी उपस्थिति रहेगी।
इसी क्रम में वह राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के पांचवें दीक्षांत समारोह में भी भाग लेंगी, जहां विभिन्न शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मानित किया जाएगा।
आगामी चरण में राष्ट्रपति मुर्मु 15 अप्रैल को महाराष्ट्र के नागपुर में एम्स के दूसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इसी दिन वे राष्ट्रीय प्रत्यक्ष कर अकादमी में भारतीय राजस्व सेवा के 78वें बैच के प्रशिक्षु अधिकारियों के समापन समारोह में भी भाग लेंगी।
16 अप्रैल को उनका अंतिम कार्यक्रम वर्धा में होगा, जहां वे महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय के छठे दीक्षांत समारोह में शामिल होकर विद्यार्थियों को संबोधित करेंगी।




.jpg)
_(1).jpg)
.jpg)





