भोपाल, 24 मार्च।
मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंगलवार को भोपाल स्थित मंत्रालय में विंध्य क्षेत्र की सड़क, फ्लाइओवर और पुल-पुलिया निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सुदृढ़ अधोसंरचना बेहद जरूरी है।
बैठक में रीवा फ्लाइओवर, संस्कृत विश्वविद्यालय लक्ष्मण बाग के समीप प्रस्तावित एप्रोच रोड, मऊगंज बायपास और मऊगंज–पटेरा औद्योगिक क्षेत्र को जोड़ने वाली सड़क सहित प्रमुख अधोसंरचना परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति और शेष कार्यों पर चर्चा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं की सतत और प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए और जिन कार्यों में अंतर्विभागीय समन्वय की आवश्यकता है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र हल किया जाए।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने अधिकारियों को प्रशासनिक स्वीकृतियों, भूमि संबंधी मुद्दों, तकनीकी अड़चनों और मैदानी समस्याओं के समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यों की गुणवत्ता से समझौता न किया जाए और सभी परियोजनाएं समय पर पूरी हों। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
शुक्ल ने कहा कि सुदृढ़ अधोसंरचना औद्योगिक विकास को प्रोत्साहित करेगी, बेहतर सड़क संपर्क और परिवहन सुविधाएं निवेश आकर्षित करेंगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के सभी क्षेत्रों में संतुलित एवं समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। अधोसंरचनात्मक परियोजनाओं का समयबद्ध पूर्ण होना विंध्य क्षेत्र के दीर्घकालीन विकास लक्ष्यों में अहम भूमिका निभाएगा।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव सुखवीर सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।












