काबुल, 04 मई।
अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में पाकिस्तान की ओर से किए गए ताजा हमलों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हो गए। यह हमले कुनार के डांगम जिले में किए गए, जिनमें नागरिक क्षेत्रों को निशाना बनाया गया।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार इन हमलों में दो स्कूल, एक क्लिनिक और दो मस्जिदों को नुकसान पहुंचा है। डांगम जिले के तालिबान गवर्नर ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान अब सीधे सैन्य कार्रवाई करने में सक्षम नहीं है, इसलिए वह नागरिक ढांचों को निशाना बना रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि हमलों में करीब 80 पशुओं की भी मौत हुई है।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि हालिया घटनाओं के बाद कुनार प्रांत में कई शैक्षणिक संस्थान प्रभावित हुए हैं। इससे पहले भी इस क्षेत्र में हुए हमलों में कई लोग मारे और घायल हो चुके हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
इस बीच अफगानिस्तान के विदेश मंत्रालय ने काबुल में स्थित पाकिस्तानी दूतावास के प्रभारी को तलब कर विरोध दर्ज कराया है। मंत्रालय ने पाकिस्तान पर हवाई क्षेत्र के उल्लंघन और नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया है।
अफगान सरकार ने स्पष्ट कहा है कि वह अपनी संप्रभुता और नागरिकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने का अधिकार रखती है। साथ ही पाकिस्तान से ऐसी कार्रवाइयों से बचने की अपील करते हुए चेतावनी दी गई है कि इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ महीनों से अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। दोनों देश एक-दूसरे पर अस्थिरता फैलाने के आरोप लगाते रहे हैं, जबकि कूटनीतिक प्रयास अब तक स्थिति को शांत करने में सफल नहीं हो पाए हैं।





.jpg)

.jpg)
.jpg)



