नई दिल्ली, 04 मई।
वियतनाम के राष्ट्रपति एवं कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ वियतनाम के महासचिव तो लाम तीन दिवसीय भारत यात्रा पर मंगलवार को पहुंचेंगे। यह दौरा 5 से 7 मई तक निर्धारित है, जिसकी शुरुआत बोधगया से होगी और इसके बाद वे राजधानी दिल्ली आएंगे। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार वे 5 मई को सुबह 11 बजकर 10 मिनट पर गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे और फिर दोपहर 3 बजकर 20 मिनट पर पालम स्थित वायुसेना अड्डे पर आगमन करेंगे।
अगले दिन 6 मई को सुबह 9 बजे राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत किया जाएगा। इसके पश्चात वे राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। दिन के प्रमुख कार्यक्रम के तहत सुबह 11 बजकर 30 मिनट पर हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री के साथ उनकी बैठक होगी, जिसमें विभिन्न समझौतों का आदान-प्रदान और संयुक्त वक्तव्य जारी किया जाएगा।
दोपहर बाद वे लोकसभा अध्यक्ष से आईटीसी मौर्य में मुलाकात करेंगे और फिर सप्रू हाउस में आयोजित कार्यक्रम में नीति संबंधी भाषण देंगे। शाम के समय वे पुनः राष्ट्रपति भवन पहुंचकर राष्ट्रपति से भेंट करेंगे।
यात्रा के अंतिम दिन 7 मई को वे मुंबई जाएंगे, जहां छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद राष्ट्रीय स्टॉक एक्सचेंज का दौरा करेंगे। इसके बाद वे होटल ट्राइडेंट में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और राज्यपाल से अलग-अलग मुलाकात करेंगे तथा एक व्यापारिक मंच में भी शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 7 मई की रात 8 बजकर 30 मिनट पर उनका प्रस्थान होगा। इस यात्रा को भारत और वियतनाम के संबंधों को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है, विशेष रूप से व्यापार, निवेश और रणनीतिक सहयोग के क्षेत्रों में।
विदेश मंत्रालय के अनुसार राष्ट्रपति चुने जाने के बाद यह उनका पहला भारत दौरा है। इस दौरान प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा होगी।
मंत्रालय ने कहा कि भारत और वियतनाम के बीच ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध रहे हैं, जो पिछले वर्षों में और प्रगाढ़ हुए हैं। यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब दोनों देश व्यापक रणनीतिक साझेदारी के दस वर्ष पूरे होने के अवसर पर सहयोग को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।





.jpg)

.jpg)
.jpg)


