जम्मू और कश्मीर
16 May, 2026

धन्ना गांव में सोते व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत

कठुआ के लखनपुर थाना क्षेत्र के धन्ना गांव में घर में सो रहे व्यक्ति की अज्ञात हमलावर द्वारा गोली मारकर हत्या कर दिए जाने से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

कठुआ, 16 मई।

जिला कठुआ के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धन्ना गांव में देर रात एक दर्दनाक और सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई, जिसमें घर में सो रहे एक व्यक्ति को अज्ञात हमलावर ने देसी बंदूक से गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया और मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रूप सिंह, उम्र 40 वर्ष के रूप में हुई है, जो उस समय अपने घर में परिवार के साथ सो रहा था। रात करीब 12 बजे हमलावर सड़क की ओर से घर की खिड़की के पास पहुंचा और अंदर सो रहे रूप सिंह पर गोली चला दी। घटना के समय उसकी पत्नी और दो बच्चे भी उसी कमरे में मौजूद थे।

गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल रूप सिंह को उपचार के लिए जीएमसी कठुआ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा हमलावर की तलाश तेज कर दी गई है। वारदात के बाद पूरे गांव में भय और शोक का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस छोटे से गांव में इस तरह की घटना पहले कभी नहीं हुई, जिससे लोग बेहद डरे हुए हैं। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गया है। परिजनों ने प्रशासन से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वहीं कठुआ जिले में पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं। पिछले 15 दिनों में हत्या और संदिग्ध मौत के करीब पांच मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें हाल ही में दो भाइयों की हत्या सहित अन्य घटनाएं शामिल हैं। इन मामलों ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़