भोपाल 29 अप्रैल।
कांग्रेस हाईकमान ने मध्यप्रदेश पर अपना पूरा ध्यान केंद्रित कर दिया है। पार्टी की रणनीति है कि वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को जमीनी स्तर पर इतना मजबूत किया जाए कि भाजपा का मुकाबला प्रभावी तरीके से किया जा सके। इसके लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी प्रदेश के अलग-अलग जिलों का दौरा करेंगे और संगठनात्मक स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शीर्ष नेतृत्व को सौंपेंगे, जिसके आधार पर आगे की रणनीतिक कार्रवाई तय की जाएगी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार जिलों में होने वाली बैठकों की रूपरेखा पहले ही तैयार कर ली गई है। इसी क्रम में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से तीस अप्रैल से दो मई तक बैतूल जिले का तीन दिवसीय दौरा प्रस्तावित है। इस दौरे में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सचिव उषा नायडू, सहप्रभारी एवं विधायक सुनील उइके, प्रदेश संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे तथा जिलाध्यक्ष निलय डागा विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करेंगे।
दौरे के पहले दिन भैंसदेही में सुबह ग्यारह बजे और बैतूल में दोपहर तीन बजे संगठनात्मक बैठकें होंगी। इसी दिन शाम साढ़े चार बजे बैतूल गंज स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की जाएगी।
अगले दिन एक मई को आमला क्षेत्र के बोरदेही में सुबह साढ़े ग्यारह बजे तथा मुलताई में दोपहर तीन बजे कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें होंगी। इन बैठकों में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर विशेष रूप से चर्चा की जाएगी।
तीसरे और अंतिम दिन दो मई को सुबह ग्यारह बजे बैतूल में जिला कार्यकारिणी की बैठक होगी, जबकि दोपहर दो बजे पाढर में घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र की बैठक के साथ यह तीन दिवसीय दौरा संपन्न होगा। इस दौरान ब्लॉक, मंडलम और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई तथा महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से भी संवाद किया जाएगा। जिलाध्यक्ष निलय डागा ने बताया कि इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाना और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।











.jpg)

