नई दिल्ली, 24 मार्च।
भारत निर्वाचन आयोग ने आगामी विधानसभा चुनावों और उपचुनावों की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए नई दिल्ली में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने की, जिसमें निर्वाचन आयुक्त डॉ. एस.एस. संधू और डॉ. विवेक जोशी भी उपस्थित रहे।
बैठक में असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में होने वाले आम चुनावों के साथ-साथ छह अन्य राज्यों में उपचुनावों की स्थिति का विश्लेषण किया गया। इन पांच चुनावी राज्यों और उनके बारह पड़ोसी राज्यों के मुख्य सचिव, डीजीपी और मुख्य निर्वाचन अधिकारी भी शामिल हुए।
आयोग ने अंतर-राज्यीय सीमाओं पर निगरानी बढ़ाने और सीमावर्ती जिलों को सील करने के निर्देश दिए। चुनावी राज्यों में शांति बनाए रखने के लिए अधिकारियों को अवैध नकदी, शराब, नशीले पदार्थ और हथियारों की तस्करी रोकने का अलर्ट जारी किया गया। इसके साथ ही पड़ोसी राज्यों के साथ बेहतर समन्वय और सूचना साझा करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में सीबीडीटी, ईडी, एनसीबी, डीआरआई जैसी प्रमुख जांच एजेंसियों के साथ-साथ आरपीएफ, बीएसएफ और आईटीबीपी के प्रमुख भी शामिल हुए। आयोग ने इन एजेंसियों को संवेदनशील निर्वाचन क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखने, ठोस खुफिया जानकारी के आधार पर छापेमारी करने और हवाई अड्डे, बंदरगाह और डाक सेवाओं पर नजर रखने के निर्देश दिए।
निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया कि इसका उद्देश्य इन चुनावों को पूरी तरह से हिंसा-मुक्त, भय-मुक्त और प्रलोभन-मुक्त बनाना है।












