भोपाल, 18 अप्रैल
राजधानी भोपाल के बजरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक जिला बदर घोषित आरोपी को धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी आदेश के बावजूद शहर में छिपकर रह रहा था और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में था।
सूचना मुखबिर से प्राप्त हुई थी कि पंकज साहू उर्फ छोटू कछुआ शंकराचार्य नगर स्थित रेलवे ओवर ब्रिज के नीचे चाकू लेकर संदिग्ध अवस्था में खड़ा है और किसी वारदात की योजना बना रहा है। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंकज साहू उम्र लगभग 30 वर्ष, निवासी शंकराचार्य नगर थाना बजरिया के रूप में हुई है। बताया गया कि उसे पहले ही पुलिस आयुक्त द्वारा जिला बदर किया जा चुका था, लेकिन इसके बावजूद वह आदेश का उल्लंघन करते हुए भोपाल में ही निवास कर रहा था।
पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 93/26 दर्ज करते हुए मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 14/15 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के अंतर्गत कार्रवाई की है। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।









.jpg)