नवादा, 07 अप्रैल 2026।
बिहार–झारखंड सीमा पर रजौली जांच चौकी की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। मंगलवार को पुलिस ने खुलासा किया कि नवादा के रजौली ओवरब्रिज के पास बीएसएनएल कार्यालय के सामने पलटी स्कॉर्पियो पर 648 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ-साथ वाहन की नम्बर प्लेट भी फर्जी थी। मामले ने क्षेत्र में लोगों के बीच चर्चाओं और जांच व्यवस्था पर सवालों का नया दौर शुरू कर दिया है।
बताया गया कि दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो पर BR 01JP 3789 नंबर अंकित था, लेकिन हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी में लगभग 648 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसे देखकर लोगों में हैरानी और आक्रोश दोनों देखा गया।
जांच के दौरान एक और चौकाने वाला तथ्य सामने आया। रजौली थाना की पड़ताल में पता चला कि स्कॉर्पियो पर अंकित नंबर फर्जी था। असली नंबर JH01 GJ 7823 निकला, जो झारखंड के डोमचांच निवासी प्रदीप कुमार मेहता के नाम से जुड़ा है। इससे यह स्पष्ट होता है कि शराब तस्करी के लिए फर्जी नम्बर प्लेट का इस्तेमाल किया गया था।
घटना ने रजौली सीमा पर मौजूद जांच चौकी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़ा कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब सीमा पर सख्त जांच की व्यवस्था है, तो इतनी बड़ी मात्रा में शराब से लदी गाड़ी कैसे पार हो गई। लोगों के बीच यह चर्चा भी तेज हो रही है कि कहीं पूरे मामले में “शुभ लाभ” का खेल तो नहीं चल रहा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है। अगर दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो स्थानीय लोगों का कानून और व्यवस्था से भरोसा कम होना स्वाभाविक माना जाएगा।












.jpg)
.jpg)