गोरखपुर, 27 मार्च 2026।
गोरक्षपीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वासंतिक (चैत्र) नवरात्र की नवमी तिथि पर शुक्रवार को गोरखनाथ मंदिर में कन्या पूजन का भव्य आयोजन किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नौ दुर्गा स्वरूपा कुंवारी कन्याओं के पांव पखारे और उनका विधिपूर्वक पूजन कर, चुनरी ओढ़ाई, आरती उतारी तथा श्रद्धाभाव से भोजन कराकर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उन्होंने कन्याओं को दक्षिणा और उपहार भी प्रदान किए। कार्यक्रम में बटुक पूजन का भी विशेष आयोजन किया गया।


पूर्वाह्न में आयोजित अनुष्ठान के दौरान गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले कन्याओं के पांव धोए, माथे पर रोली, चंदन और अक्षत का तिलक किया तथा दुर्वा से अभिषेक कर माला पहनाई। चुनी हुई कन्याओं को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
कन्याओं को मंदिर की रसोई में ताजा भोजन प्रसाद मुख्यमंत्री के हाथों परोसा गया। इस दौरान वह यह सुनिश्चित करते रहे कि किसी भी कन्या या बटुक की थाली में भोजन की कमी न हो। आयोजन में प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ समेत कई संत और मंदिर प्रबंधन के सदस्य उपस्थित रहे।

अनुष्ठान से पूर्व प्रातःकाल में मंदिर के शक्तिपीठ में मां सिद्धिदात्री की विधिपूर्वक आराधना हुई, जिसमें श्रद्धालुओं ने भाग लिया और आशीर्वाद प्राप्त किया।














