नई दिल्ली, 05 मई।
केंद्र सरकार ने किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य दिलाने और मजबूरी में कम दाम पर बिक्री से बचाने के उद्देश्य से अहम फैसले लिए हैं। इन निर्णयों के तहत कर्नाटक और महाराष्ट्र के किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्रालय ने कर्नाटक में रबी 2026 सीजन के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 9,023 मीट्रिक टन सूरजमुखी की खरीद को स्वीकृति प्रदान की है। वहीं महाराष्ट्र में रबी 2025-26 सीजन के दौरान चने की अधिकतम खरीद सीमा बढ़ाकर 8,19,882 मीट्रिक टन कर दी गई है।
इन दोनों फैसलों के माध्यम से किसानों को कुल 4,886.46 करोड़ रुपये से अधिक की एमएसपी सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। मंत्रालय के अनुसार सूरजमुखी खरीद की स्वीकृति का कुल मूल्य 69.66 करोड़ रुपये से अधिक होगा, जिससे कर्नाटक के किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य सुनिश्चित हो सकेगा।
इसके साथ ही महाराष्ट्र में चना खरीद के लिए स्वीकृत मात्रा का कुल मूल्य 4,816.80 करोड़ रुपये से अधिक बताया गया है। साथ ही चना खरीद की अवधि को 30 दिनों तक बढ़ाते हुए 29 मई 2026 तक कर दिया गया है, जिससे अधिक से अधिक किसान अपनी उपज को एमएसपी पर बेच सकें।
सरकार के इस निर्णय से किसानों को बाजार के दबाव में कम कीमत पर फसल बेचने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और उन्हें बेहतर आर्थिक सुरक्षा मिल सकेगी।



.jpg)





.jpg)
.jpg)