जशपुर, 19 मई।
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस ने शहर के एक प्रतिष्ठित किराना व्यापारी की दुकान से लाखों रुपये की चोरी का मामला महज कुछ दिनों में उजागर कर दिया। इस मामले में शामिल पांच मुख्य आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले झारखंड के एक दुकानदार समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का राशन, नकदी और घटना में प्रयुक्त ऑटो जब्त किया।
पुलिस के अनुसार, यह चोरी जशपुर के लक्ष्मी गुड़ी मंदिर के पास स्थित 'विक्रम किराना दुकान' में हुई थी। दुकान संचालक विक्रम ताम्रकार ने 8 मई की रात दुकान बंद कर घर लौटने के बाद 9 मई की सुबह अपने ड्राइवर से सूचना पाई कि दुकान के शटर का ताला टूटा है और बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री गायब है। चोरी में करीब एक लाख रुपये मूल्य का हरी केशरी कंपनी का रिफाइन तेल, 25 कट्टा चावल और अन्य सामान शामिल था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और साइबर सेल की मदद ली। संदिग्ध युवकों की पहचान होने पर वीरेंद्र भगत, कार्तिक भगत, अजय रवानी और पमित बरला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपितों ने चोरी की योजना नवाजिश खान के साथ मिलकर बनाई होने की बात कबूल की। चोरी का सारा माल नवाजिश के ऑटो में लादकर झारखंड के गुमला जिले में अमृत लाल केरकेट्टा को बेचा गया। पुलिस ने झारखंड से अमृत लाल और नवाजिश को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 13 लीटर वाले 58 डिब्बे रिफाइन तेल, 7 बोरी चावल, 15 पाउच रिफाइन तेल, 34 बोतल सरसों तेल, एक पेटी साबुन, 36 पैकेट सिगरेट और 1,005 रुपये नकद बरामद किए। इसके साथ ही चोरी में प्रयुक्त ऑटो भी जब्त किया गया। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर में अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।






.jpg)







