लखनऊ , 18 मई।
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को लखनऊ स्थित अपने कैंप कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित, प्रभावी तथा संतोषजनक निस्तारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं, बुजुर्ग, दिव्यांगजन और युवा शामिल हुए, जिन्होंने भूमि विवाद, राजस्व मामलों, चिकित्सा सहायता, पेंशन, आवास, सड़क, बिजली-पानी, पुलिस कार्रवाई, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी समस्याएं सामने रखीं।
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण करें और पीड़ितों को समयबद्ध राहत सुनिश्चित करें।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार जनहित और सुशासन के संकल्प के साथ कार्य कर रही है तथा हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कोई भी फरियादी निराश नहीं लौटेगा और हर समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
भूमि विवाद और अवैध कब्जों से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर भेजकर निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यक होने पर सख्त कार्रवाई करने को भी कहा गया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता है कि हर जरूरतमंद की समस्या का समाधान समयबद्ध तरीके से हो और बिना किसी भेदभाव के सभी को न्याय मिले।






.jpg)







