सरकार व नीतियाँ
30 Apr, 2026

भारत-इटली रक्षा वार्ता में पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा, सैन्य सहयोग योजना का आदान-प्रदान

भारत और इटली के रक्षा मंत्रियों ने द्विपक्षीय वार्ता में पश्चिम एशिया सहित वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की, सैन्य सहयोग योजना का आदान-प्रदान किया और रक्षा साझेदारी को मजबूत करने पर सहमति जताई।

नई दिल्ली, 30 अप्रैल ।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली स्थित मानेकशॉ सेंटर में इटली के रक्षा मंत्री मिस्टर गुइडो क्रोसेटो के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इस दौरान उन्होंने भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी को शांति, स्थिरता, स्वतंत्रता और पारस्परिक सम्मान के साझा मूल्यों पर आधारित बताया। बैठक स्थल पर पहुंचने पर इटली के रक्षा मंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। इसके बाद उन्होंने नेशनल वॉर मेमोरियल पहुंचकर पुष्पचक्र अर्पित करते हुए देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।

द्विपक्षीय वार्ता के दौरान दोनों देशों ने 2026-27 के लिए सैन्य सहयोग योजना का आदान-प्रदान किया, जिसमें भविष्य के सैन्य संपर्कों की रूपरेखा तय की गई। राजनाथ सिंह ने कहा कि उन्हें अपने इटालियन समकक्ष का भारत में स्वागत कर तथा उनके साथ विस्तृत चर्चा कर प्रसन्नता हुई। उन्होंने बताया कि बातचीत में पश्चिम एशिया की वर्तमान स्थिति सहित कई क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही ‘आत्मनिर्भर भारत’ पहल और इटली की रक्षा सहयोग योजना के तहत आपसी लाभ वाले रक्षा औद्योगिक सहयोग को बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा हुई।

बैठक में दोनों पक्षों ने रक्षा सहयोग से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार साझा किए तथा बदलते वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य के मद्देनजर क्षेत्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी बातचीत की। दोनों मंत्रियों ने एक बार फिर इस बात को रेखांकित किया कि भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी समान मूल्यों पर आधारित है।

अक्टूबर 2023 में राजनाथ सिंह की रोम यात्रा के बाद से दोनों देशों के रक्षा संबंधों में गति आई है। इटली के रक्षा मंत्री की यह पहली भारत यात्रा दोनों देशों के सहयोग को विस्तार देने तथा विशेष रूप से रक्षा औद्योगिक साझेदारी में नए अवसर तलाशने की इच्छा को दर्शाती है।

बैठक में समुद्री सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा हुई और गुरुग्राम स्थित सूचना संलयन केंद्र-हिंद महासागर क्षेत्र के माध्यम से सूचनाओं के आदान-प्रदान पर जोर दिया गया। भारत और यूरोपीय संघ के बीच जनवरी में हुए रक्षा एवं रणनीतिक साझेदारी समझौते से भी दोनों पक्षों के बीच सहयोग और गहरा हुआ है, जिससे रक्षा उद्योग में साझेदारी और साझा हितों वाले क्षेत्रों में नई संभावनाएं बढ़ने की उम्मीद है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

25° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़