हरिद्वार, 01 अप्रैल।
चारधाम यात्रा से पहले हरिद्वार नगर क्षेत्र में चल रहे सीवरेज निर्माण कार्यों को पूरी तरह समय पर पूरा करने के निर्देश जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने दिए हैं। उन्होंने श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और कार्य को तीन शिफ्टों में कराने का स्पष्ट आदेश संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को दिया।
राज्य अतिथि गृह में बुधवार को हुई समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने उत्तराखंड पेयजल निगम (गंगा डिविजन) द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले सभी निर्माण कार्य समाप्त हो जाएं, ताकि स्थानीय जनता, व्यापारियों और आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तेजी से पूरे किए जाएं। इसके लिए अतिरिक्त श्रमिकों की व्यवस्था की जाए और कार्य को तीन शिफ्टों में कराया जाए। रात्रि में संभव कार्य रात में और दिन में होने वाले कार्य दिन में प्राथमिकता के साथ पूरे किए जाएं।
विशेष रूप से अपर रोड पर चल रहे सीवरेज निर्माण कार्य को एक सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सड़क को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को सौंपा जाएगा, ताकि आवश्यक आगे के कार्य प्राथमिकता से कराए जा सकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान क्षेत्रीय जनता, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और श्रद्धालुओं को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए और कार्य तेज़ी से पूरा किया जाए।
बैठक में जीएम गंगा डिविजन उत्तराखंड पेयजल निगम आर.के. जैन, सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान, परियोजना प्रबंधक मीनाक्षी मित्तल, अधिशासी अभियंता उत्तराखंड जल संस्थान हरीश बंसल, कॉन्ट्रैक्टर रजत शर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।












