शिमला, 16 मई।
राज्य में मौसम विभाग के अनुसार 18 मई से 21 मई तक अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ बना रहेगा। इस अवधि में तेज धूप के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज होने की संभावना है, जिससे गर्मी का असर बढ़ेगा।
विशेषकर ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और पांवटा साहिब जैसे मैदानी क्षेत्रों में उमस और बढ़ती गर्मी लोगों की परेशानी को बढ़ा सकती है। शनिवार को भी प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में मौसम साफ रहा, जबकि निचले क्षेत्रों में दिनभर तेज धूप और गर्मी का प्रभाव देखने को मिला।
मौसम विभाग ने 16 और 17 मई के लिए कुछ जिलों में अंधड़, हल्की बारिश और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर के कुछ भागों में मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है, जबकि 17 मई को ऊंचाई और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
इसके बाद 18 से 21 मई तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है, जिससे धूप और अधिक तेज हो जाएगी और गर्मी में लगातार बढ़ोतरी होगी। मौसम विभाग के अनुसार 22 मई को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसके चलते ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और हल्की बर्फबारी की संभावना बन सकती है।
पिछले 24 घंटों में भी प्रदेश के कुछ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। सराहन में 15 मिमी, सांगला में 4 मिमी और कल्पा में 2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इस दौरान न्यूनतम तापमान में भी धीरे-धीरे वृद्धि दर्ज की जा रही है। ताबो में सबसे कम 3.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि केलांग 3.5, कुकुमसेरी 5.7, कल्पा 6.0, मनाली और कुफरी 10.2, धर्मशाला 10.9, सराहन 11.0, सिओबाग 11.4, भुंतर 13.5, सोलन 15.0, चंबा 15.2, पालमपुर 15.5, शिमला 15.8, डलहौजी 16.6, बरठीं 16.9, सुंदरनगर 17.0, जुब्बड़हट्टी 17.5, कांगड़ा 18.2, मंडी 18.5, ऊना 19.5, बिलासपुर 20.0, देहरा गोपीपुर 21.0 और पांवटा साहिब में 25 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।














.jpg)
.jpg)