अपराध
21 May, 2026

गांजा केस में फंसाने की धमकी देकर 95 हजार की वसूली, महिला थाना प्रभारी समेत चार पर एफआईआर

पन्ना में सर्राफा व्यापारी को झूठे गांजा केस में फंसाने की धमकी देकर 95 हजार रुपये वसूले जाने के मामले में तत्कालीन थाना प्रभारी सहित चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पन्ना, 21 मई ।

मड़ला थाना क्षेत्र में एक सर्राफा व्यापारी को झूठे गांजा मामले में फंसाने की धमकी देकर 95 हजार रुपये की वसूली किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है, जिसके बाद तत्कालीन थाना प्रभारी सहित चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

जानकारी के अनुसार रीवा निवासी सर्राफा व्यापारी मोहनलाल सोनी 14 मई को बागेश्वरधाम दर्शन के लिए जा रहे थे, तभी मड़ला पेट्रोल पंप के पास उनकी गाड़ी को रोककर उन्हें कथित रूप से निशाना बनाया गया।

आरोप है कि सिविल ड्रेस में मौजूद दो व्यक्तियों ने उनकी कार से काली पॉलीथिन निकालकर उन्हें गांजा तस्करी के मामले में फंसाने की धमकी दी और इसके बाद उन्हें शराब ठेके के पीछे ले जाया गया।

पीड़ित के अनुसार वहां करीब दो घंटे तक उन्हें डराया-धमकाया गया और बाद में एक अन्य वर्दीधारी पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचा, जहां उनसे एक लाख रुपये की मांग की गई।

लगातार दबाव और धमकी के बाद मामला 95 हजार रुपये में तय हुआ और आरोपियों ने अलग-अलग क्यूआर कोड एवं खातों में 45 हजार और 50 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए।

घटना के बाद व्यापारी ने रीवा पहुंचकर वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की, जिसके आधार पर शून्य पर अपराध दर्ज कर मामला पन्ना स्थानांतरित किया गया और मड़ला थाने में एफआईआर दर्ज की गई।

इस मामले में तत्कालीन थाना प्रभारी रचना पटेल, मुंशी रज्जाक खान, आरक्षक रामशरण अहिरवार तथा शराब ठेके के कर्मचारी बृजेश यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़