मनोरंजन डेस्क, 25 मई।
अनन्या पांडे और लक्ष्य लालवानी की रोमांटिक फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ ने सिनेमाघरों में अपने पहले वीकेंड के तीन दिन पूरे कर लिए हैं। शुरुआती दिनों में धीमी शुरुआत करने वाली इस फिल्म के कारोबार में रविवार को मामूली वृद्धि दर्ज की गई। वहीं आयुष्मान खुराना अभिनीत ‘पति पत्नी और वो दो’ बॉक्स ऑफिस पर टिके रहने के बावजूद अब अपेक्षित बढ़त नहीं दिखा पा रही है। दूसरी ओर मोहनलाल की ‘दृश्यम 3’ और सूर्या की ‘करुप्पू’ लगातार मजबूत प्रदर्शन बनाए हुए हैं।
तीसरे दिन ‘चांद मेरा दिल’ ने रफ्तार पकड़ते हुए पहले दिन 3 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी। दूसरे दिन इसकी कमाई बढ़कर 3.75 करोड़ रुपये पहुंची, जबकि रविवार को इसने 4.35 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इस प्रकार फिल्म का कुल घरेलू कलेक्शन 11.10 करोड़ रुपये हो गया है। करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बनी इस रोमांटिक ड्रामा को दर्शकों और समीक्षकों से मिश्रित लेकिन सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
आयुष्मान खुराना, सारा अली खान, रकुल प्रीत सिंह और वामिका गब्बी अभिनीत ‘पति पत्नी और वो दो’ की कमाई में अब सुस्ती देखी जा रही है। रिलीज के 10वें दिन रविवार को फिल्म ने 3.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जिसके बाद इसका कुल बॉक्स ऑफिस आंकड़ा 36.35 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। हालांकि फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक आकर्षित करने में पहले जैसी मजबूती नहीं दिखा पा रही है।
दूसरी ओर मोहनलाल की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘दृश्यम 3’ बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए है। चौथे दिन इसने 13.95 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की, जिसके साथ इसका कुल कलेक्शन 54.55 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं सूर्या की तमिल फिल्म ‘करुप्पू’ भी लगातार दमदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने 10वें दिन 16.74 करोड़ रुपये जुटाए और अब तक कुल 148.55 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। अनुमान है कि यह फिल्म जल्द ही 150 करोड़ क्लब में शामिल हो सकती है।












