कोलकाता, 26 मई।
पश्चिम बंगाल में इन दिनों भीषण गर्मी और उच्च आर्द्रता के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है, जबकि उमस के कारण वास्तविक तापमान से कहीं अधिक गर्मी महसूस हो रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आर्द्रता के स्तर के कारण 'फील्स लाइक' तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार कर गया है।
आगामी दिनों के लिए पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया गया है कि सप्ताह के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। इस बदलाव से तापमान में गिरावट आने और लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है।
दक्षिण बंगाल और कोलकाता में दिन के समय गर्म और उमस भरी स्थितियां बनी रहेंगी, हालांकि शाम के समय छिटपुट बारिश से राहत की उम्मीद है। दूसरी ओर, उत्तर बंगाल के पर्वतीय क्षेत्रों, विशेषकर दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी में बादल छाए रहने के साथ रुक-रुक कर बारिश होने का अनुमान है, जिससे वहां का मौसम अपेक्षाकृत अनुकूल रहेगा।
पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा और आसपास के पश्चिमी जिलों में पारा 36 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं। यहां भी देर शाम कुछ स्थानों पर आंधी और हल्की बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। कोलकाता में मंगलवार का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। विशेषज्ञों का मानना है कि बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रही नमी के कारण ही राज्य में उमस भरी स्थिति बनी हुई है।














