सुपौल, 26 मई।
वीरपुर थाना क्षेत्र के हृदयनगर पंचायत में सोमवार देर रात आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया।
वार्ड संख्या-01 निवासी 26 वर्षीय जीवन पासवान की यह घटना उस समय हुई जब इलाके में तेज आंधी, बारिश और लगातार मेघ गर्जन का दौर जारी था।
जानकारी के अनुसार, खेत में रखे मक्के में पानी भरने की आशंका के चलते वह रात करीब नौ बजे घर से बाहर निकला और खेत की ओर चला गया, जहां यह हादसा हुआ।
उस समय आसपास मौजूद लोग खराब मौसम के कारण सुरक्षित स्थानों पर चले गए थे और ग्रामीणों ने उसे भी बाहर न जाने की सलाह दी थी, लेकिन वह मोबाइल की रोशनी के सहारे रास्ते से गुजर रहा था।
इसी दौरान अचानक तेज चमक के साथ वज्रपात हुआ और वह उसकी चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
वज्रपात इतना तेज था कि उसका मोबाइल भी क्षतिग्रस्त हो गया और शरीर का एक हिस्सा बुरी तरह झुलस गया।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल ललित नारायण अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर वीरपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेज दिया।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों के अनुसार मृतक अत्यंत गरीब परिवार से था, उसकी शादी वर्ष 2018 में हुई थी और वह पत्नी तथा तीन छोटे बच्चों को पीछे छोड़ गया है, जिससे परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं मंगलवार को बसंतपुर अंचलाधिकारी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
प्रशासन की ओर से आपदा राहत मद से मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू करने की बात भी कही गई है।















