भोपाल, 26 मई ।
राजधानी भोपाल में पेयजल की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों के बीच मंगलवार को महापौर मालती राय ने विधानसभा के सामने स्थित नगर निगम के फिल्टर प्लांट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ एमआईसी सदस्य एवं भाजपा जिलाध्यक्ष सहित नगर निगम के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, जहां बड़े तालाब से आने वाले जल को शुद्ध करने की पूरी प्रक्रिया का अवलोकन किया गया।
महापौर ने प्लांट की प्रयोगशाला में पानी की जांच कराई, जिसकी रिपोर्ट संतोषजनक पाए जाने के बाद उन्होंने कहा कि बड़े तालाब से आपूर्ति होने वाला पानी पूरी तरह सुरक्षित है और जिन क्षेत्रों में यह पानी पहुंचता है वहां आरओ लगाने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में पानी की खपत बढ़ने से कुछ क्षेत्रों में कम दबाव की शिकायतें मिली थीं, जिसके बाद पूरे जल आपूर्ति तंत्र की जांच की गई और यह स्पष्ट हुआ कि लोगों को मानकों के अनुरूप शुद्ध जल उपलब्ध कराया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान लैब टेस्ट के बाद पानी की गुणवत्ता मानकों पर सही पाए जाने पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी पानी का सेवन कर उसकी शुद्धता पर भरोसा जताया।
भोपाल शहर में जलापूर्ति चार प्रमुख स्रोतों से की जाती है, जिनमें कोलार डैम का पानी अधिकांश क्षेत्रों में, केरवा डैम का पानी कोलार रोड क्षेत्र में, बड़े तालाब का पानी लालघाटी और कोहेफिजा क्षेत्रों में तथा नर्मदा परियोजना के माध्यम से होशंगाबाद रोड और आसपास की कॉलोनियों में आपूर्ति शामिल है।




.jpg)










