भोपाल, 26 मई ।
भोपाल में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बीच बजरिया थाना क्षेत्र के शंकराचार्य नगर स्थित जैन मंदिर के पीछे एक और बाइक चोरी की घटना सामने आई है, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार पीड़ित व्यक्ति की स्प्लेंडर बाइक रोज की तरह घर के बाहर खड़ी थी, जिसे मंगलवार तड़के करीब चार बजे अज्ञात चोर कुछ ही मिनटों में लेकर फरार हो गए।
आशंका जताई जा रही है कि यह पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो सकती है, हालांकि इसके बावजूद चोरी की घटनाओं में कमी नहीं आ रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में वाहन चोरी और संदिग्ध गतिविधियों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे रात के समय सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
रहवासियों ने आरोप लगाया कि पुलिस गश्त पर्याप्त नहीं होने के कारण असामाजिक तत्व बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और आम जनता असुरक्षित महसूस कर रही है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों ने पुलिस प्रशासन से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करने तथा रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।















