भोपाल, 26 मई ।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ कार्य करने के अनेक अनुभव देशभर के कार्यकर्ताओं के पास हैं, लेकिन केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का लगभग 35 वर्षों का अनुभव विशेष महत्व रखता है।
उन्होंने यह बात नई दिल्ली में पुस्तक ‘अपनापन : नरेंद्र मोदी संग मेरे अनुभव’ के लोकार्पण कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन के अनुभवों को इस पुस्तक में साझा किया है, जिसमें संगठनात्मक कार्य, समर्पण, संघर्ष और नेतृत्व की शैली का विस्तृत वर्णन मिलता है।
उन्होंने कहा कि यह पुस्तक केवल संस्मरणों का संकलन नहीं है, बल्कि कार्यकर्ताओं और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी दस्तावेज है, जिसे सभी को पढ़ना चाहिए।
डॉ. यादव ने कहा कि यह पुस्तक प्रधानमंत्री के साथ उनके अनुभवों को भी सामने लाती है और यह जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शन का कार्य करेगी।
कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा और पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू की उपस्थिति भी रही, जहां कई राज्यों के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, पत्रकार और लेखक मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने पुस्तक के प्रकाशन और शिवराज सिंह चौहान को इस महत्वपूर्ण कृति के लिए शुभकामनाएं भी दीं।















