पूर्व मेदिनीपुर, 27 मई।
पूर्व मेदिनीपुर जिले में एक तृणमूल कांग्रेस नेता के निजी गोदाम से सरकारी राहत सामग्री की बड़ी खेप बरामद होने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इस घटना के बाद स्थानीय स्तर पर आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं और भाजपा ने इसे गंभीर अनियमितता बताया है।
सूचना के आधार पर मंगलवार रात चंडीपुर थाना पुलिस ने ब्रजलचक क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान क्षेत्रीय तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष नवकुमार बेरा के निजी गोदाम से लगभग 600 सरकारी तिरपाल और अन्य राहत सामग्री बरामद की गई, जिसमें स्थानीय भाजपा विधायक भी मौजूद रहे। पुलिस ने पूरे मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।
इससे पहले भी राज्य के कई जिलों में तृणमूल नेताओं के घरों और पार्टी कार्यालयों से सरकारी राहत सामग्री मिलने के आरोप सामने आते रहे हैं, जिससे अब पूर्व मेदिनीपुर की यह घटना राजनीतिक विवाद का नया केंद्र बन गई है।
एगरा से भाजपा विधायक दिब्येंदु अधिकारी ने तृणमूल पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि वर्ष 2021 में कांथी नगरपालिका से तिरपाल चोरी के मामले में उनके परिवार पर आरोप लगाए गए थे, लेकिन अब तृणमूल नेताओं के गोदामों से ही सरकारी सामग्री मिल रही है, जिससे असली जिम्मेदार स्पष्ट हो रहे हैं।
हालांकि इस पूरे मामले पर अब तक तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।















