प्रयागराज, 25 मई।
विश्व हिंदू परिषद के गोरक्षा विभाग के प्रांत मंत्री लाल मणि तिवारी के नेतृत्व में बुधवार को सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गौहत्या के विरुद्ध एक बड़ा प्रदर्शन किया। इस दौरान पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन अपर जिलाधिकारी नगर को सौंपा और मांग की कि देशभर में गौहत्या पर तत्काल प्रभाव से पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर "गाय नहीं कटने देंगे-देश नहीं बंटने देंगे" और "गौमाता के सम्मान में-विश्व हिंदू परिषद मैदान में" जैसे नारे लगाए। लाल मणि तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि गोवंश भारतीय संस्कृति की आधारशिला और आरोग्य का स्रोत है। उन्होंने गोतस्करी पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
प्रदर्शन के बाद विहिप पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को एक अन्य ज्ञापन सौंपकर जिले की गौशालाओं की दयनीय स्थिति का मुद्दा उठाया। ज्ञापन में गौशालाओं में व्याप्त भ्रष्टाचार और अव्यवस्थाओं को दूर करने की मांग की गई। साथ ही गोवंश के लिए छाया, स्वच्छ पानी, हरा चारा और मानक के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
लाल मणि तिवारी ने बताया कि संगठन ने "गोरक्षक सचल दस्ते" की टीमें गठित की हैं, जो काशी प्रांत में गौसंरक्षण के लिए सक्रिय हैं। संगठन द्वारा गौसंरक्षण के प्रति जनजागरण अभियान भी चलाया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रांत अध्यक्ष भोला नाथ मिश्र सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।















