ढाका, 27 मई।
बांग्लादेश में बकरीद के त्योहार पर घर लौटने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ढाका-टांगाइल-जमुना ब्रिज हाईवे पर वाहनों का भारी दबाव होने के कारण 47 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है। गाजीपुर के चंद्र इलाके में रातभर वाहनों की भीड़ बनी रही। मूसलाधार बारिश और बीच रास्ते में कई वाहनों के खराब होने से स्थिति और अधिक चुनौतीपूर्ण हो गई है।
यह महाजाम जमुना ब्रिज टोल प्लाजा से शुरू होकर टांगाइल सदर उपजिला के घरिंदा और नातियापारा होते हुए गोराई तक फैल गया है। त्योहार के मद्देनजर घर जाने वाले लोगों, विशेषकर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को भारी कष्ट उठाना पड़ रहा है। पुलिस और प्रशासन ने यातायात को सुव्यवस्थित करने के लिए दो चरणों में एकतरफा आवागमन शुरू किया था, परंतु पांच वाहनों के अचानक खराब होने से जाम की स्थिति और गंभीर हो गई।
जमुना ब्रिज साइट ऑफिस के कार्यकारी अभियंता सैयद रियाजुद्दीन का कहना है कि अत्यधिक वाहनों का दबाव, खराब मौसम और पुल पर वाहनों के खराब होने की वजह से यह स्थिति निर्मित हुई है। प्रशासन ने भरोसा जताया है कि दिन ढलने के साथ ही यातायात व्यवस्था में सुधार होने की संभावना है।
टांगाइल के पुलिस अधीक्षक मोहम्मद शम्सुल आलम सरकार ने बताया कि हाईवे के टांगाइल हिस्से में अभी भी वाहनों का भारी दबाव बना हुआ है। सुरक्षा बलों और ट्रैफिक पुलिस की टीम यातायात बहाल करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि यात्रियों को जल्द से जल्द अपने गंतव्य तक पहुंचाया जा सके।















