अमेठी (उत्तर प्रदेश), 27 मई।
जनपद के जायस थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े महिला से हुई मंगलसूत्र लूट की वारदात का पुलिस ने मात्र 10 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद दो लुटेरों को धर दबोचा गया। पुलिस ने उनके पास से लूटा गया मंगलसूत्र का लॉकेट, अवैध तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि रामबारी निवासी सिताला ने मंगलवार को शिकायत दर्ज कराई थी कि मोजमगंज पुल के निकट बाइक सवार दो युवकों ने उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया। इस शिकायत पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू की गई। देर शाम पुलिस को आरोपितों के खरौली से नसीराबाद की ओर जाने की सूचना मिली।

पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। पुलिस को देखते ही बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों को खदेड़कर पकड़ लिया। इस मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान खरौली निवासी बन्धन सिंह और नान वर्मा के रूप में हुई है।
बन्धन सिंह एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिसके विरुद्ध चोरी, लूट और एनडीपीएस एक्ट जैसे गंभीर धाराओं में अमेठी तथा रायबरेली में कुल आठ मामले दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपितों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है।
















