मेदिनीपुर (पश्चिम बंगाल), 27 मई।
पूर्व मेदिनीपुर जिले के सुताहाटा थाना पुलिस की साइबर टीम ने ठगी के शिकार एक पीड़ित को बड़ी राहत पहुंचाई है। साइबर अपराधियों ने एक व्यक्ति को अपना निशाना बनाकर उसके करीब 11 लाख रुपये उड़ा लिए थे। घटना की सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी गई कुल राशि में से नौ लाख रुपये बरामद कर लिए हैं। अदालत के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए यह धनराशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस स्थानांतरित कर दी गई है।
मंगलवार की देर शाम पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित को प्रतीकात्मक चेक सौंपकर राहत प्रदान की। साइबर टीम की इस सफलता को क्षेत्र में काफी सराहा जा रहा है। पुलिस ने अपनी जांच के दौरान तकनीकी पहलुओं पर गहनता से काम किया और निरंतर प्रयासों के बल पर ठगों के चंगुल से यह राशि वापस लाने में कामयाबी पाई।
अभी शेष बची हुई रकम की बरामदगी के लिए सुताहाटा पुलिस की साइबर टीम जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बाकी पैसे की रिकवरी के लिए भी जांच प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इस घटना ने एक बार फिर साइबर सुरक्षा के प्रति लोगों को सतर्क रहने का संदेश दिया है।















