मौदहा (उत्तर प्रदेश), 27 मई।
जनपद हमीरपुर के मौदहा कोतवाली क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। घरेलू विवाद की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची यूपी-112 पुलिस टीम पर एक दबंग ने हिंसक हमला कर दिया। आरोपित ने न केवल पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की, बल्कि सरकारी जीप और वहां मौजूद एंबुलेंस पर पथराव कर उन्हें बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान हेड कांस्टेबल रामचंद्र किसी तरह बाल-बाल बचे।
मौदहा क्षेत्र के सीओ राजकुमार पांडेय ने बताया कि मंगलवार देर रात मलीकुआं चौराहा निवासी संदीप वर्मा ने पुलिस को सूचना दी थी कि अर्जुन नामक युवक अपनी बहन गुड़िया के साथ चाकू और डंडे से मारपीट कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी लेनी चाही। इस दौरान अर्जुन ने पुलिस से अभद्रता शुरू कर दी और देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोपित ने पुलिसकर्मियों और वहां से गुजर रहे राहगीरों पर भी पत्थर बरसाए।
उग्र हुए अर्जुन ने आपा खोते हुए पास ही लगे एक हैंडपंप पर अपना सिर पटकना शुरू कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार हेतु सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपी अर्जुन के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस अग्रिम वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।















