मध्य प्रदेश
27 May, 2026

जीवागंज में उमड़ी आस्था की लहर, वृंदावन जैसा दिखा माहौल

पुरुषोत्तम मास में मंदसौर के जीवागंज स्थित मंदिरों में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच पूरा क्षेत्र भक्ति और सेवा भाव से सराबोर नजर आ रहा है।

मंदसौर, 27 मई ।

पुरुषोत्तम मास के चलते मंदसौर का जीवागंज क्षेत्र इन दिनों पूरी तरह भक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आ रहा है। यहां स्थित श्री गोवर्धननाथ मंदिर और श्री जगदीश मंदिर में विशेष दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। रात्रिकालीन विशेष दर्शन के दौरान प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु लंबी कतारों में खड़े होकर ठाकुरजी के दर्शन कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि हर दिन करीब 20 से 25 हजार श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं।

पुरुषोत्तम मास के अवसर पर जीवागंज क्षेत्र का वातावरण वृंदावन धाम जैसी भक्ति भावना से सराबोर दिखाई दे रहा है। मंदिरों में पुष्टिमार्गीय वैष्णव परंपरा के अनुसार विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। प्रतिदिन ठाकुरजी का आकर्षक श्रृंगार किया जा रहा है और विभिन्न उत्सवों का आयोजन भी हो रहा है। श्री जगदीश मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की विविध लीलाओं को सुंदर झांकियों के माध्यम से प्रस्तुत किया जा रहा है, जो श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

मंदिर परिसरों के बाहर श्रद्धालुओं की भीड़, भक्ति गीतों की मधुर गूंज और लंबी कतारों ने पूरे क्षेत्र को तीर्थस्थल जैसा स्वरूप दे दिया है। दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंच रहे श्रद्धालुओं के कारण जीवागंज में दिनभर धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का वातावरण बना हुआ है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी व्यापक इंतजाम किए हैं। सीएसपी जितेंद्र भास्कर और कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने मंदिर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। भीड़ प्रबंधन के लिए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए मंदिरों के आसपास कई मार्गों पर वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है।

नगरपालिका द्वारा अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिरों में प्रवेश और निकास के अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति न बने।

समाजसेवी संस्थाएं भी श्रद्धालुओं की सेवा में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। राधा कृष्णा ग्रुप की ओर से जीवागंज तिराहे पर श्रद्धालुओं के लिए जल सेवा चलाई जा रही है। यहां तांबे के पात्र में तुलसी अर्क और खस की सुगंध से युक्त शीतल जल उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा श्रद्धालुओं को शरबत और एकादशी के अवसर पर साबूदाना खिचड़ी प्रसादी भी वितरित की जा रही है।

स्थानीय लोग भी श्रद्धालुओं की सेवा में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा रहे हैं। कई घरों के बाहर पेयजल की व्यवस्था की गई है, ताकि आने-जाने वाले दर्शनार्थियों को राहत मिल सके।

उल्लेखनीय है कि 17 मई से शुरू हुआ पुरुषोत्तम मास 15 जून तक चलेगा। इस दौरान जीवागंज क्षेत्र में भक्ति, सेवा और श्रद्धा का वातावरण इसी तरह बना रहने की संभावना है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़