जबलपुर, 27 मई ।
ईद-उल-अजहा का पर्व गुरुवार को शहरभर में धार्मिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर मस्जिदों और ईदगाहों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुस्लिम समाज के लोग ईद की नमाज अदा कर देश में अमन, शांति और खुशहाली की दुआ करेंगे। पर्व को लेकर समुदाय में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
रानीताल ईदगाह में ईद-उल-अजहा के मौके पर मुफ्ती-ए-आजम मध्यप्रदेश हजरत मौलाना डॉ. मुशाहिद रजा कादरी बुरहानी मुस्लिम समाज को संबोधित करेंगे। इसके उपरांत सुबह 10:30 बजे नायब मुफ्ती-ए-आजम मध्यप्रदेश हजरत मौलाना सूफी जियाउल हक कादरी ईद की नमाज अदा कराएंगे। समाज की ओर से नागरिकों से अपील की गई है कि त्योहार को आपसी भाईचारे, शांति और सामाजिक समरसता के साथ मनाया जाए। साथ ही स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारियों का भी विशेष ध्यान रखने का आग्रह किया गया है।
समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि जबलपुर लंबे समय से गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द की पहचान रहा है, जहां सभी समुदायों के लोग मिल-जुलकर रहते हैं। ऐसे में सभी नागरिकों से आपसी सम्मान बनाए रखने और ऐसी किसी भी गतिविधि से बचने की अपील की गई है, जिससे किसी वर्ग की भावनाएं प्रभावित हों।
मुस्लिम समाज से यह आग्रह भी किया गया है कि कुर्बानी से संबंधित फोटो और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर साझा करने से बचें, ताकि शहर का भाईचारा और सौहार्द कायम रहे। इसके साथ ही कुर्बानी के बाद बचने वाले अवशेषों को सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर न फेंकने की सलाह दी गई है। नगर निगम द्वारा निर्धारित स्थानों अथवा वाहनों के माध्यम से उचित तरीके से निस्तारण करने की अपील भी की गई है। आम रास्तों और सार्वजनिक स्थलों पर कुर्बानी नहीं करने का अनुरोध भी समाज की ओर से किया गया है।














